ओलंपिक के लिए व्हाइट हाउस टास्क फोर्स का गठन

ओलंपिक के लिए व्हाइट हाउस टास्क फोर्स का गठन, राष्ट्रपति ट्रंप ने जारी किया आदेश

अमेरिकी धरती पर होने वाले 2028 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के लिए सुरक्षा, परिवहन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग सुनिश्चित करने को व्यापक तैयारी शुरू

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने 5 अगस्त 2025 को एक कार्यकारी आदेश जारी करते हुए 2028 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की सफल मेजबानी के लिए ‘व्हाइट हाउस टास्क फोर्स’ के गठन की घोषणा की। यह टास्क फोर्स राष्ट्रपति की अध्यक्षता और उपराष्ट्रपति की उपाध्यक्षता में कार्य करेगी, जबकि इसके संचालन के लिए एक कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया जाएगा जो प्रतिदिन की गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालेगा और सीधे राष्ट्रपति को रिपोर्ट करेगा।

इस टास्क फोर्स में विदेश मंत्री, वित्त मंत्री, रक्षा मंत्री, अटॉर्नी जनरल, वाणिज्य मंत्री, परिवहन मंत्री, गृह सुरक्षा मंत्री, एफबीआई निदेशक, फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन के चेयरमैन सहित कई उच्चस्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों और एजेंसियों के प्रमुखों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। यह टास्क फोर्स संघीय, राज्य और स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, परिवहन, सीमा प्रबंधन, वीजा प्रसंस्करण और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के क्रेडेंशियलिंग कार्यक्रमों की योजना और क्रियान्वयन में मदद करेगी।

गृह सुरक्षा विभाग के अंतर्गत स्थापित यह टास्क फोर्स प्रशासनिक और वित्तीय सहयोग प्राप्त करेगी और 1 अक्टूबर 2025 तक सभी संबंधित एजेंसियों से उनकी तैयारियों पर रिपोर्ट लेगी। इसका मुख्य उद्देश्य खेलों के दौरान अधिकतम सुरक्षा, विश्वस्तरीय परिवहन और आगंतुकों के सहज प्रवेश-निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। यह टास्क फोर्स 31 दिसंबर 2028 तक कार्य करेगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रपति बढ़ा सकते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस अवसर को अमेरिकी ताकत, गौरव और देशभक्ति प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन दुनिया को अमेरिका की मेहमाननवाज़ी और आयोजन क्षमता का शानदार उदाहरण पेश करेगा।

August 9, 2025


Satyapal Malik

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का 79 वर्ष की आयु में निधन

Vladimir Putin

अलास्का में 15 अगस्त को पुतिन-ट्रंप शिखर बैठक तय